Shimla, Sanju
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से हालात गंभीर बने हुए हैं। शिमला में भूस्खलन और पेड़ गिरने से कई जगह नुक़सान दर्ज हुआ है। इसी बीच शिमला के विधायक हरीश जनारथा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाक़ात कर ख़तरनाक हो चुके पेड़ों को हटाने की अनुमति की मांग की। मुख्यमंत्री ने इस बाबत जिला शिमला उपायुक्त को निर्देश जारी कर दिए हैं।
विधायक हरीश जनारथा ने बताया कि वे लगातार ग्राउंड पर जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही प्रशासन को ख़तरनाक पेड़ों को समय रहते हटाने के सख़्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अपील की कि आपदा के इस दौर में हरे-भरे और सुरक्षित पेड़ों को काटने की अनुमति न मांगी जाए।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से सभी ज़िलों के उपायुक्तों को इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए हैं। शिमला जिला प्रशासन को भी स्पष्ट निर्देश मिल चुके हैं। हालांकि ख़तरनाक पेड़ों को काटने की प्रक्रिया जटिल है, लेकिन उपमंडलाधिकारी (SDM) स्तर पर भी इस संबंध में अनुमति दी जा सकती है।