नई दिल्ली | केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने शनिवार को रिलायंस कम्युनिकेशंस (आरकॉम) और उसके प्रवर्तक निदेशक अनिल अंबानी से जुड़े परिसरों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई उस कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में की गई है, जिसमें भारतीय स्टेट बैंक को 2000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचने का आरोप है।
अधिकारियों के मुताबिक, आरकॉम को पिछले महीने ही धोखाधड़ी करने वाली संस्थाओं की श्रेणी में रखा गया था। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लोकसभा में बताया था कि 13 जून को आरबीआई के दिशा-निर्देशों और बैंकों की नीतियों के आधार पर इस संस्थान को ‘फ्रॉड कंपनी’ घोषित किया गया। इसके बाद 24 जून को एसबीआई ने इस मामले की जानकारी आरबीआई को दी और शिकायत सीबीआई के पास पहुंचाई।
फिलहाल सीबीआई की जांच जारी है और मामले से जुड़े कई अहम दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस पर और बड़े खुलासे हो सकते हैं।