उत्तर कोरिया | उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया की ओर से की गई गोलीबारी को गंभीर उकसावा करार दिया है। नॉर्थ कोरिया पीपुल्स आर्मी के वाइस चीफ ऑफ स्टाफ को जोंग चोल ने आरोप लगाया कि मंगलवार को हुई यह घटना दक्षिण कोरिया और अमेरिका के संयुक्त समुद्री सैन्य अभ्यास के दौरान हुई, जिसका मकसद जानबूझकर तनाव बढ़ाना था।
दूसरी ओर, दक्षिण कोरिया ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी सेना ने केवल चेतावनी स्वरूप गोलीबारी की थी। दरअसल, कुछ उत्तर कोरियाई सैनिक सीमा रेखा पार कर अज्ञात निर्माण कार्य कर रहे थे। हालांकि, वे तुरंत अपनी सीमा में लौट गए और इस दौरान किसी तरह की क्षति या जवाबी गोलीबारी नहीं हुई।
तनाव के बीच उत्तर कोरिया अपनी सीमा पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने में जुट गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसके सैनिक टैंक रोधी अवरोध बना रहे हैं और बारूदी सुरंगें बिछा रहे हैं।
को जोंग चोल ने दक्षिण कोरिया पर आरोप लगाया कि वह सीमा सुरक्षा और किलेबंदी परियोजनाओं के बहाने हालात बिगाड़ रहा है। उन्होंने कहा, “दक्षिण कोरिया को तुरंत ऐसे खतरनाक उकसावे बंद करने चाहिए। यह परियोजना हमारी संप्रभुता और सुरक्षा की रक्षा के लिए अनिवार्य है।”