नई दिल्ली | यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने देश के स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देने के लिए मंगलवार को धन्यवाद दिया और कहा कि रूस के साथ जारी युद्ध को समाप्त कराने में भारत का योगदान महत्वपूर्ण रहेगा।
जेलेंस्की ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि यूक्रेन भारत के शांति और संवाद के प्रति समर्पण की सराहना करता है। उन्होंने कहा, “अब जब पूरी दुनिया इस विनाशकारी युद्ध को स्थायी शांति के साथ खत्म कराने का प्रयास कर रही है, हमें भारत के योगदान पर भरोसा है।”
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि कूटनीति को मजबूत करने वाले निर्णय न केवल यूरोप, बल्कि हिंद-प्रशांत और उससे परे क्षेत्र में भी सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद करते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने 16 अगस्त को यूक्रेनवासियों के लिए शांति और समृद्ध भविष्य की कामना करते हुए जेलेंस्की को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया था। इससे पहले, 15 अगस्त को जेलेंस्की ने भारत को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी थीं और उम्मीद जताई थी कि भारत रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त कराने में योगदान देगा।