नूरपुर | कांगड़ा जिले के इंदौरा और मंड क्षेत्र में लगातार बारिश और पौंग बांध से छोड़े जा रहे पानी के कारण बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। मंड-स्नौर और मंड-घंडरां पंचायतों में फंसे करीब 800 ग्रामीणों को एनडीआरएफ और प्रशासन ने सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
पौंग बांध से फिलहाल 95,000 क्यूसिक पानी छोड़ा जा रहा है, जिसे बुधवार दोपहर को बढ़ाकर 1.10 लाख क्यूसिक किया जाएगा। प्रशासन लगातार लोगों से खतरे वाले क्षेत्रों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील कर रहा है, लेकिन चोरी के डर से कई ग्रामीण अपने घर छोड़ने को तैयार नहीं हैं।
एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर ने कहा, “एनडीआरएफ और प्रशासनिक टीमें लगातार रेस्क्यू और राहत कार्य में लगी हुई हैं। अब तक करीब 800 ग्रामीणों को सुरक्षित निकाला गया है। जिन लोगों को अभी तक निकाला नहीं जा सका, उन्हें भी जल्द सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया जाएगा।”
ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधि जसविंदर चंदेल ने बताया, “सुबह पानी अचानक बढ़ गया और लोग फंस गए। हमने तुरंत प्रशासन को सूचना दी। टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। अभी भी गांव में डर और दिक्कत बनी हुई है।” प्रशासन ने सभी प्रभावितों से अपील की है कि वे बाढ़ के खतरे वाले क्षेत्रों में न रहें और राहत शिविरों का उपयोग करें।