बिहार | बिहार की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को निर्वाचन आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि गया जिले की मतदाता सूची में बड़ा गड़बड़झाला सामने आया है। राहुल गांधी का कहना है कि ‘‘गया जिले के एक पूरे गांव को वोटर लिस्ट में एक ही घर का निवासी दिखा दिया गया है।’’
राहुल गांधी इन दिनों बिहार में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ निकाल रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने कांग्रेस का एक सोशल मीडिया पोस्ट साझा किया जिसमें लिखा था – “निर्वाचन आयोग का कमाल देखिए, एक पूरा गांव एक मकान में समा गया।”
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बाराचट्टी विधानसभा क्षेत्र के निदानी गांव में एक बूथ पर दर्ज 947 मतदाताओं को मकान संख्या-6 का निवासी दिखाया गया है। पार्टी का कहना है कि यह सिर्फ एक गांव का मामला है, लेकिन इससे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अनियमितताओं के पैमाने का अंदाजा लगाया जा सकता है।
वहीं, इस आरोप पर बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने स्थिति स्पष्ट की। गया के जिलाधिकारी ने बताया कि गांवों या झुग्गी बस्तियों में जहां मकानों पर असली नंबर नहीं होते, वहां काल्पनिक संख्या दर्ज की जाती है ताकि मतदाता सूची तैयार करने में आसानी हो।
डीएम ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर गांव के कुछ निवासियों के वीडियो भी साझा किए, जिनमें लोग विशेष गहन पुनरीक्षण से संतुष्टि जताते दिखे। साथ ही ग्रामीणों ने कहा कि ‘‘बिना वजह इलाके को बदनाम करने की कोशिश हो रही है।’’