करनाल | आम आदमी पार्टी के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा की तलाश में पंजाब पुलिस की टीमें देर रात करनाल के गांव डबरी पहुंचीं। पांच गाड़ियों में आई पुलिस ने गांव के सरपंच को बुलाकर सीसीटीवी फुटेज की जांच की और बाद में सदर थाना पुलिस को शिकायत दी। शिकायत में विधायक और पूर्व सरपंच गुरनाम सिंह लाडी पर सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिस पार्टी पर पथराव व फायरिंग करने के आरोप लगाए गए।
पंजाब पुलिस का कहना है कि वे गुरनाम सिंह लाडी के घर छापेमारी कर विधायक को गिरफ्तार करने पहुंचे थे। इस दौरान भीड़ जमा हो गई और मौके पर हवाई फायर की आवाज सुनाई दी। आरोप है कि मौके का फायदा उठाकर विधायक भागने लगा। रोकने की कोशिश पर गुरनाम सिंह ने गाड़ी चढ़ाने का प्रयास भी किया। इसके बाद करनाल सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, पूर्व सरपंच गुरनाम लाडी की पत्नी ने पुलिस के आरोपों को सिरे से खारिज किया। उनका कहना है कि पुलिस ने सुबह अचानक दीवार फांदकर घर में दबिश दी और खुद विधायक को गाड़ी में बैठने के लिए कहा। किसी ने न तो पथराव किया और न ही हवाई फायरिंग हुई।
करनाल पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने बताया कि पटियाला पुलिस की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि हवाई फायरिंग की सूचना की पुष्टि अब तक नहीं हुई है और सभी आरोपों की तस्दीक जांच के बाद ही की जाएगी।