फाजिल्का | पंजाब के फाजिल्का ज़िले में आई बाढ़ ने व्यापक तबाही मचाई है। प्रशासन के मुताबिक़ अब तक 6,185 घरों में पानी भर चुका है जबकि 123 किलोमीटर सड़क नेटवर्क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके अलावा 17 सरकारी इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। यह जानकारी डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंध ने दी।
मंत्री ने बताया कि अब तक बाढ़ से 18 हज़ार एकड़ से अधिक क्षेत्र प्रभावित हुआ है। हालात सामान्य होने पर मरम्मत और बहाली के काम को प्राथमिकता दी जाएगी।
राहत कार्य तेज़ी से जारी
उन्होंने कहा कि गांवों में बड़ी मात्रा में भोजन पैकेट, दवाइयां और तिरपाल वितरित किए गए हैं। अब तक करीब 8,600 राशन किटें दो बार बांटी जा चुकी हैं, जबकि तीसरे चरण में और राशन वितरण किया जाएगा।
अधिकारियों को सख़्त निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी घर ऐसा न रहे जहां राशन, दवाइयां या पशुओं के लिए चारा न पहुंचे। मंत्री ने आश्वासन दिया कि स्थिति नियंत्रण में है और पानी का स्तर लगातार घट रहा है।
केंद्र सरकार पर निशाना
तरुणप्रीत सोंध ने केंद्र सरकार और विपक्षी नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नेताओं ने केंद्र से कोई राहत राशि लाने की कोशिश नहीं की, बल्कि केवल किश्तियों में बैठकर तस्वीरें खिंचवाने तक सीमित रहे।