नई दिल्ली | केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में हाल ही में हुई भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से राष्ट्रीय राजमार्गों को हुए नुकसान की समीक्षा बैठक की। इस बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक में प्रभावित सड़कों और राजमार्गों पर यातायात को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए तात्कालिक कदम उठाने पर चर्चा हुई। गडकरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षतिग्रस्त मार्गों के लिए लघुकालिक समाधान तुरंत लागू किए जाएं, जबकि दीर्घकालिक समाधान पर काम करते हुए स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
साथ ही, उन्होंने भूस्खलन और बादल फटने जैसी प्राकृतिक आपदाओं से सड़कों को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए स्लोप स्थिरीकरण जैसे स्थायी उपायों पर तेजी से काम करने के निर्देश दिए।