Haryana, 14 September
कांग्रेस नेत्री एवं राज्यसभा सांसद कुमारी शैलजा ने पृथला विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया और लोगों की समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि बाढ़ से किसानों को भारी नुकसान हुआ है और कई लोगों के मकान गिर गए हैं। ऐसे में सरकार को पोर्टल के चक्कर में न फँसकर तुरंत फिजिकल वेरिफिकेशन कराना चाहिए ताकि समय रहते पीड़ितों की मदद की जा सके। शैलजा को अपने ही पार्टी नेता के कार्यालय तक पहुँचने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ा। इस दौरान उनके साथ फरीदाबाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक सहित कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दौरे के दौरान कुमारी शैलजा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा को कांग्रेस पर उंगली उठाने से पहले अपने गिरेबान में झाँकना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में हर स्तर पर लोग काम करते हैं, जबकि भाजपा केवल कागजों और पन्नों तक सीमित है।भाजपा के भीतर मतभेद और गुटबाजी जगजाहिर हैं, जबकि कांग्रेस राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी में “में और मेरा” की राजनीति छोड़कर सबको साथ लेकर चलना होगा, तभी संगठन मजबूत बनेगा।तीसरी बार भाजपा सरकार बनने को लेकर शैलजा ने आरोप लगाया कि इसके पीछे वोट चोरी जैसी बातें रही हैं और कांग्रेस को इस पर गंभीरता से ध्यान देना होगा।