Chintpurni, 22 September
शारदीय अश्विन नवरात्रि का शुभारंभ आज चिंतपूर्णी मंदिर में मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। सुबह से ही मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए, जिसके बाद से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है, जिसमें देश-विदेश से मंगाए गए 15 प्रजाति के रंग-बिरंगे फूल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
सुरक्षा के कड़े प्रबंध
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। जगह-जगह पुलिस जवान तैनात किए गए हैं और पूरे मंदिर परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वहीं, लंगर संस्थाओं को भी प्रशासन द्वारा जारी नियमों के तहत लंगर लगाने की अनुमति प्रदान की गई है।
मंदिर अधिकारी का बयान
मंदिर अधिकारी अजय मड़ियाल ने बताया कि नवरात्रि के प्रथम दिन से ही भक्तों की चहल-पहल बनी रही। उन्होंने कहा कि सभी विभागों को श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।