नई दिल्ली | देशभर में 22 सितंबर से नए GST रेट लागू हो गए हैं। हालांकि अभी भी कई लोग नए टैक्स ढांचे को लेकर उलझन में हैं। इसी कंफ्यूजन को दूर करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्रेटर नोएडा में आयोजित इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 के उद्घाटन समारोह में इसका आसान फॉर्मूला समझाया।
पीएम मोदी ने दी आसान मिसाल
पीएम मोदी ने बताया कि 2014 में 1000 रुपये की एक शर्ट पर 117 रुपये टैक्स देना पड़ता था। 2017 में जीएसटी लागू होने के बाद यह घटकर 50 रुपये रह गया। अब 2025 में लागू किए गए नए GST सुधारों के बाद उसी शर्ट पर केवल 35 रुपये टैक्स देना होगा। यानी अब ग्राहक को सीधे-सीधे 82 रुपये की बचत होगी।
गरीब और मिडिल क्लास को फायदा
पीएम मोदी के अनुसार नए टैक्स सुधारों से गरीब और मिडिल क्लास पर टैक्स का बोझ काफी कम हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद आगे भी ऐसे सुधार जारी रखना है ताकि जनता को अधिक से अधिक राहत मिल सके।
‘आत्मनिर्भर भारत’ पर जोर
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। आज देश में बनने वाले कुल मोबाइल फोनों में से 55% उत्तर प्रदेश में निर्मित होते हैं। जल्द ही यूपी में AK-203 राइफल्स का निर्माण भी शुरू होगा।
इन सामानों पर घटा GST
नए GST रेट लागू होने के बाद कई जरूरी खाद्य और घरेलू सामानों पर टैक्स घटा दिया गया है। अब पनीर, घी, मक्खन, अनाज, मेवे, फ्रोजन पराठे और खजूर पर सिर्फ 5% GST लगेगा। वहीं टूथपेस्ट, हेयर ऑयल, शैंपू, रसोई के बर्तन, साइकिल और बांस फर्नीचर जैसी रोजमर्रा की वस्तुएं भी अब पहले से सस्ती होंगी।