Chintpurni,vikas
शारदीय नवरात्रि मेले के अवसर पर रविवार को चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लग गईं, जो लुधियाना धर्मशाला से होते हुए आगे तक पहुंच गईं। माता रानी के दर्शन पाने के लिए श्रद्धालुओं को तीन से चार घंटे तक कतार में खड़ा रहना पड़ा।
जयकारों से गूंजा पूरा क्षेत्र
मां के दरबार में पहुंचने का उत्साह श्रद्धालुओं के चेहरे पर साफ झलक रहा था। पूरा चिंतपूर्णी क्षेत्र “जय माता दी” के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। हालांकि श्रद्धालुओं को धूप से बचाने के लिए टेंट की व्यवस्था की गई थी, लेकिन भक्तों की अपार भीड़ के कारण यह इंतजाम नाकाफी साबित हुए।
व्यवस्था बनाए रखने में जुटी पुलिस और होमगार्ड
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और लंबी कतारों को संभालने के लिए पुलिस और होमगार्ड के जवान लगातार मोर्चे पर डटे रहे। थाना प्रभारी जयराम शर्मा ने स्वयं जगह-जगह जाकर निरीक्षण किया और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए निर्देश दिए।
20 हजार से अधिक भक्तों के दर्शन की संभावना
अनुमान है कि देर शाम तक 20,000 से अधिक श्रद्धालु माता चिंतपूर्णी के दर्शन करेंगे। पंजाब सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक मेले में पहुंचे। मंदिर प्रशासन ने भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए हैं।