गुरुग्राम | भाजपा की जिला उपाध्यक्ष और ए3एम कंपनी की निदेशक ममता भारद्वाज के घर में शुक्रवार सुबह चोरी की वारदात हुई। घटना के समय ममता भारद्वाज अपने पति अरुण भारद्वाज के साथ पार्क में मॉर्निंग वॉक पर थीं। करीब आधे घंटे बाद घर लौटने पर उन्होंने पाया कि लाखों रुपए के सोने और हीरे के गहने और नकदी गायब थी। साथ ही घर का नौकर भी फरार था।
सूचना मिलते ही सेक्टर-50 थाना पुलिस, अपराध शाखा और क्राइम सीन टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने चोरी के महज आठ घंटे में ही नौकर युवराज थापा को दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से करीब 10 लाख रुपए के गहने बरामद किए गए। वहीं, मामले में संलिप्त एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
घटना का क्रम:
जानकारी के मुताबिक, ममता भारद्वाज ने दिल्ली की एक प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए नेपाल निवासी युवराज थापा को घरेलू नौकर के रूप में रखा था। करीब 15 दिन पहले रखा गया नौकर अच्छा व्यवहार कर रहा था। मगर शुक्रवार सुबह जब परिवार मॉर्निंग वॉक पर गया, घर लौटने पर पाया कि घर का दरवाजा खुला था और अलमारियां बिखरी हुई थीं। जांच में पता चला कि घर से लगभग 20 लाख रुपए के गहने और 2 लाख नकद गायब हैं।
पुलिस की कार्रवाई:
अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने दो टीमों का गठन किया और दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे पर दबिश दी। वहां युवराज थापा को नेपाल भागने से पहले गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में युवराज ने बताया कि उसने अपने साथी भीम बहादुर के साथ मिलकर चोरी की थी। चोरी के बाद आरोपी चोरी का माल साझा करने के लिए ऑटो से दिल्ली के आया नगर गए। फिलहाल भीम बहादुर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सक्रिय है।