राहुल गांधी के बयान पर अनुराग ठाकुर का तंज: भारत विरोध करना उनकी फितरत में शामिल
Mandi, Dharamveer
पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। मंडी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए ठाकुर ने कहा कि विदेश दौरे पर भारत और आरएसएस के खिलाफ बयान देना राहुल गांधी की आदत बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑपरेशन सिंदूर और एयर स्ट्राइक के दौरान भी राहुल गांधी पाकिस्तान का पक्ष लेते दिखाई दिए।अनुराग ठाकुर ने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी कौन सी मजबूरी है कि राहुल गांधी को हर जगह भारत का विरोध करना ज़रूरी लगता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के प्रति झुकाव के चलते राहुल गांधी अब तक 90 चुनाव हार चुके हैं और आगामी बिहार चुनाव में भी हार निश्चित है।
हिमाचल कांग्रेस पर हमला बोलते हुए ठाकुर ने प्रदेश सरकार के “वोट चोर, गद्दी छोड़” अभियान को ढोंग बताया। उन्होंने कांग्रेस को “वायदे चोर” की संज्ञा दी और कहा कि कांग्रेस ने जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया, बल्कि संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करना ही इसका एजेंडा बन चुका है।हिमाचल की राजनीति में उनकी सक्रिय भूमिका को लेकर चल रही चर्चाओं पर अनुराग ठाकुर ने स्पष्ट किया कि वे भाजपा के साधारण कार्यकर्ता के तौर पर कार्य कर रहे हैं और इस तरह की अटकलों पर विराम लगाने की ज़रूरत है।इसके साथ ही प्रदेश को केंद्र सरकार से मिली 843 करोड़ रुपये की अतिरिक्त डिवोल्यूशन किश्त को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस पर पलटवार किया। ठाकुर ने कहा कि केंद्र लगातार हिमाचल को हजारों करोड़ रुपये दे रहा है, लेकिन कांग्रेस नेता आभार व्यक्त करने के बजाय जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश करते रहते हैं।मंडी पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों ने आईआईटी चौक पर अनुराग ठाकुर का भव्य स्वागत किया। इसके बाद वे सर्किट हाउस पहुंचे और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।