मुंबई | दादर इलाके में एक तेज रफ्तार टेंपो ट्रैवलर के नियंत्रण खोने के कारण बेस्ट बस और दो अन्य वाहनों से टकराने की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने सोमवार को दी।
पुलिस के अनुसार, घटना रात हुई, जब बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) की ‘वेट-लीज’ बस वर्ली डिपो से प्रतीक्षा नगर की ओर जा रही थी। टेंपो ट्रैवलर के चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे यह दुर्घटना हुई।
अधिकारी ने बताया कि जैसे ही बस दादर प्लाजा बस स्टॉप पर पहुंची, शिवाजी पार्क की ओर जा रहे तेज रफ्तार टेंपो ट्रैवलर ने बस के दाहिने सामने वाले पहिए से टक्कर मार दी। इससे बस बाईं ओर मुड़ गई और स्टॉप पर खड़े यात्रियों तथा पैदल चल रहे लोगों की चपेट में आ गई। टक्कर के बाद टेंपो ट्रैवलर ने एक टैक्सी और अन्य यात्री कार को भी टक्कर मारी, जिससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
घायलों में एक महिला भी शामिल है। सभी घायल व्यक्तियों को बस कंडक्टर और स्थानीय पुलिस ने तुरंत बीएमसी संचालित सायन अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने 37 वर्षीय शहाबुद्दीन को मृत घोषित किया।
पुलिस ने शिवाजी पार्क थाने में टेंपो ट्रैवलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि दुर्घटना के समय चालक शराब के प्रभाव में तो नहीं था।