टेक्सास | अमेरिका के टेक्सास राज्य में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसमें एक महिला ने कथित रूप से अपने चार बच्चों पर गोली चलाई, जिससे दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने रविवार को बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
ब्रेजोरिया काउंटी के शेरिफ बो स्टालमैन ने मीडिया को बताया कि 31 वर्षीय इस महिला पर हत्या और घातक हथियार से गंभीर हमले के दो-दो मामले दर्ज किए गए हैं। उसे 1.4 लाख डॉलर के बॉन्ड पर हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, चार बच्चों में से दो की उम्र 13 और 4 साल थी, जो शनिवार को वाहन के अंदर गोली लगने से मारे गए। अन्य दो बच्चे, जिनकी उम्र 8 और 9 साल है, उन्हें हेलीकॉप्टर के माध्यम से ह्यूस्टन के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने उनकी स्थिति “स्थिर” बताई है।
शेरिफ स्टालमैन ने बताया कि गोली चलाने के बाद महिला ने स्वयं अधिकारियों को कॉल कर सूचना दी। घटनास्थल से एक हथियार भी बरामद किया गया है। उन्होंने कहा, “इस तरह की संवेदनहीन त्रासदी को समझ पाना मुश्किल है, लेकिन हम बच्चों को न्याय दिलाने के लिए पूरी कार्रवाई करेंगे।”
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी महिला मोंटगोमरी काउंटी की निवासी है और यह घटना एंगलटन शहर में हुई, जो ह्यूस्टन से लगभग 70 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है।