फरीदाबाद | फरीदाबाद के मच्छगर गांव में चार दिन से लापता प्रेमपाल का शव रविवार रात को IMT क्षेत्र में बरामद हुआ। मृतक की हत्या करने के संदेह में उसके परिजनों ने थाना सदर में शिकायत दर्ज कराई।
जानकारी के अनुसार, प्रेमपाल खेती-बाड़ी का काम करता था और 1 अक्टूबर को घर से निकला था। जब वह शनिवार की शाम तक लौटकर नहीं आया, तो परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना सदर में दर्ज करवाई। पुलिस ने खोजबीन शुरू की, जिसके बाद इंडियन आयल प्लांट के पीछे नाले से उसका शव बरामद हुआ।
पुलिस ने बताया कि प्रेमपाल नाले के पास हर्ष और हनीश के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान तीनों के बीच झगड़ा हो गया और मारपीट के दौरान प्रेमपाल को चोट लगी, जिससे उसकी मौत हो गई।
थाना सदर पुलिस ने दोनों आरोपियों हर्ष और हनीश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल के शवदाह गृह में भेजा गया है। थाना प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि आज पोस्टमार्टम किया जाएगा और आरोपियों को इलाका मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया जाएगा।