हिसार | हरियाणा के हिसार के पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता बृजेन्द्र सिंह के ससुर सरदार बिक्रमजीत सिंह स्याल का नोएडा स्थित आवास पर निधन हो गया। वे 93 वर्ष के थे। उनके निधन के कारण कांग्रेस नेता बृजेन्द्र सिंह ने आज की सद्भाव यात्रा के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए।
सद्भाव यात्रा का कार्यक्रम 6 अक्टूबर को कलायत विधानसभा के कुराड़ गांव में रात्रि ठहराव के रूप में रखा गया था। इसके बाद 7 अक्टूबर को यात्रा कुराड़ से शुरू होकर कलायत शहर और चौशाला गांव तक जारी रहनी थी।
कलायत शहर में बृजेन्द्र सिंह द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस भी आयोजित की गई थी, लेकिन उनके ससुर के आकस्मिक निधन के कारण आज का सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। फिलहाल केवल आज के कार्यक्रम प्रभावित हुए हैं।
पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह के ससुर सरदार बिक्रमजीत सिंह स्याल डीजीपी रैंक के अधिकारी रहे हैं। वे मूल रूप से पंजाब के निवासी थे और हाल में नोएडा में रह रहे थे। नोएडा आवास पर ही उन्होंने अंतिम सांस ली।
बृजेन्द्र सिंह ने अपने ससुर के निधन की जानकारी सद्भाव यात्रा के फेसबुक पेज और निजी फेसबुक अकाउंट के माध्यम से साझा की। उन्होंने बताया कि आगे के यात्रा कार्यक्रम के बारे में जानकारी जल्द ही दी जाएगी।