अंबाला सिटी | दिल्ली से कांगड़ा एक मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस अंबाला सिटी के बड़ी घेल क्षेत्र के पास दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। रास्ते में अचानक नीलगाय के सामने आ जाने से एंबुलेंस सड़क से करीब 7 फीट नीचे जा पलटी। हादसा 12 अक्तूबर की रात करीब 2 बजे हुआ।
हादसे में कांगड़ा के लंबा थाना क्षेत्र निवासी निर्मल (42) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एंबुलेंस चालक आशीष और अटेंडेंट कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
गूगल मैप के सहारे जा रहे थे चालक, अंधेरे में भटका रास्ता
घायलों ने बताया कि उन्हें रास्ता ठीक से पता नहीं था, इसलिए उन्होंने गूगल मैप का सहारा लिया हुआ था। नेविगेशन में गलती के चलते एंबुलेंस मुख्य मार्ग से हटकर बड़ी घेल के नजदीक खेत वाले रास्ते पर पहुंच गई। अंधेरे में अचानक नीलगाय के सामने आने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और एंबुलेंस पलट गई।
दिल्ली के अपोलो अस्पताल से लौट रहे थे मरीज
मृतक के भाई विजय के अनुसार, निर्मल ड्राइवरी का काम करता था और पेट में इंफेक्शन के कारण उसकी तबीयत खराब थी। उसे दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन हालत में सुधार न होने पर परिवार उसे कांगड़ा वापस ले जा रहा था। विजय अपनी कार में आगे चल रहा था, जबकि उसका भाई अस्पताल की निजी एंबुलेंस में सफर कर रहा था।
राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने निर्मल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।