कैथल | त्योहारी सीजन के बीच नकली खोया का बड़ा खेल सामने आया है। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने मंगलवार सुबह तीन बजे हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर, गांव कैलरम-तितरम मोड़ के पास, नगालैंड की निजी एसी बस से 2,300 किलो नकली खोया बरामद किया। यह बस बीकानेर (राजस्थान) से चंडीगढ़ जा रही थी। मौके से 115 टीन भी जब्त किए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि इससे पहले हिसार, नरवाना और अन्य शहरों में 85 टीन खोया पहले ही उतारे जा चुके थे। खोया के 8 सैंपल लैब जांच के लिए भेजे गए हैं, जिसमें फंगस पाए जाने की आशंका है। तितरम थाना के पास गड्ढा खोदकर बाकी खोया दबा दिया गया। यह खोया कुरुक्षेत्र, अंबाला और चंडीगढ़ में सप्लाई होने वाला था।
पुलिस ने बस को जब्त कर 15 सवारियों सहित पकड़ लिया। बस के चालक कृष्ण कुमार (बीकानेर) और परिचालक रतन शर्मा को गिरफ्तार किया गया है।
जंग लगी टीन और फंगस वाला खोया
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि खोया नकली पाया गया है। टीन में जंग और खोया में फंगस भी मौजूद थी। सैंपलों की रिपोर्ट 10–15 दिन में आने की उम्मीद है।
चाय के बहाने ढाबों पर उतारा जाता था खोया
खोया बस की डिक्की में भरकर रात के समय ढाबों पर उतारा जाता था। बस बीकानेर से चलकर हिसार, नरवाना, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला और चंडीगढ़ तक रुकती थी, चाय के बहाने होटल और ढाबों पर टीन उतारे जाते थे। इसके बाद मिष्ठान भंडार की गाड़ियां खोया से भरे टीन को उठाकर दुकानों तक पहुंचाती थीं।