Dharamshala, Rahul
दिवाली के उपलक्ष्य में जिला कांगड़ा में अग्निशमन विभाग ने सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। विभाग की ओर से 14 से 22 अक्तूबर तक अवकाश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस अवधि के दौरान सभी कर्मचारी अपने-अपने अग्निशमन केंद्रों में तैनात रहेंगे।
दिवाली और उससे पहले के दिनों में संभावित आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए विभाग ने विशेष तैयारियां की हैं। संवेदनशील पटाखा बिक्री स्थलों पर अग्निशमन विभाग की गाड़ियां तैनात की जाएंगी। इस संबंध में अग्निशमन केंद्र प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, त्योहारी सीजन को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने 12-12 घंटे की शिफ्टों में कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। विभाग ने जिले के प्रमुख स्थानों पर लगे हाइड्रेंट की जांच पूरी कर ली है, जिससे आवश्यकता पड़ने पर तुरंत जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। साथ ही, सभी अग्निशमन वाहनों और उपकरणों की मरम्मत व जांच भी की गई है।
फायर ऑफिसर कर्म चंद कश्यप ने बताया कि 22 अक्तूबर तक कर्मचारियों की छुट्टियां स्थगित कर दी गई हैं। दिवाली पर्व के दौरान आगजनी की घटनाओं की संभावनाओं को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी उपकरणों और वाहनों को दुरुस्त कर लिया गया है तथा हाइड्रेंट की जांच भी पूरी हो चुकी है।