पानीपत | जननायक जनता पार्टी (JJP) के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने अपने चाचा और इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला को “नॉन-सीरियस पॉलिटिशियन” कहा। वहीं उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की मौजूदा सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है, इसलिए सीएम को तत्काल पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
बुधवार को सेक्टर-29 स्थित एक फार्महाउस में आयोजित जेजेपी कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए दुष्यंत चौटाला ने पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी पंचायत व निकाय चुनावों की रणनीति पर चर्चा की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, जब उनसे आईपीएस वाई पूरण कुमार की आत्महत्या पर अभय सिंह चौटाला के बयान को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने तीखा जवाब देते हुए कहा — “ऐसे बयान देने वाले नॉन-सीरियस पॉलिटिशियन हैं।”
दुष्यंत चौटाला ने आगे कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। रोजाना हत्या, लूट और दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं। किसानों की फसलों की एमएसपी से नीचे खरीद की जा रही है और पेमेंट 15 दिन बाद भी नहीं हुई।
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री खुद कहते हैं कि वे एक चपरासी तक को सस्पेंड नहीं कर सकते। अगर ऐसा है, तो उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। जब सरकार के मुखिया के पास अधिकार नहीं, तो राज्य कैसे चलेगा?”