रोहतक/महम। महम के गांव भैणी सुरजन में बुधवार शाम शराब ठेके के सेल्समैन पर गोलियां चलने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मनीष ने ठेके के सेल्समैन मनोज पर करीब सात बजे दो गोलियां दाग दीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मनोज को पीजीआई में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। गोली उसके हाथ और पेट में लगी है।
शराब ठेकेदार ने लगाया धमकी और मंथली मांगने का आरोप
ठेकेदार अंशुल ने बताया कि सैमाण गांव के सुमित उर्फ छोटा ने फोन कर उसे मंथली देने की धमकी दी थी। अंशुल के अनुसार, पूर्व साझेदार मनीष भी सुमित के साथ मिलकर रंजिश निकालने में शामिल था। इसी वजह से मनीष ने सेल्समैन मनोज पर हमला कराया।
फायरिंग में चार आरोपी शामिल, CCTV से सुराग तलाश में पुलिस
घटना के दिन मनीष अपने भाई विकास और दो अन्य साथियों के साथ ठेके पर पहुंचा था। आरोप है कि दो हमलावर बाइक पर सवार होकर आए और ठेके पर मौजूद मनोज पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
पुलिस ने बताया कि सुमित उर्फ छोटा कुख्यात गैंगस्टर विकास उर्फ मटरी का रिश्तेदार है और उस पर हत्या, लूट और मारपीट जैसे 14 मुकदमे दर्ज हैं।
थाना प्रभारी सुभाष सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, और CCTV फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह हमला पुराने व्यावसायिक विवाद और वसूली से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है।