जींद | जिले के गांव शामलोकलां में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय जयबीर की तालाब में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जयबीर अपनी भैंस को पानी पिलाने के लिए तालाब पर गया था, जहां हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार जयबीर खेती के साथ पशुपालन करता था और हाल ही में एक लाख रुपये से अधिक कीमत की भैंस खरीदी थी। बुधवार को जब वह भैंस को पानी पिलाने के लिए तालाब में ले गया, तो उसकी भैंस की दूसरी भैंस से लड़ाई हो गई। दोनों को अलग करने के लिए जैसे ही जयबीर तालाब में उतरा, अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेसुध होकर पानी में गिर गया।
मौके पर मौजूद पिता सतपाल ने उसे बाहर निकाला और तुरंत नागरिक अस्पताल जींद ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चलेगा।
परिजनों ने बताया कि जयबीर ही परिवार का मुख्य सहारा था। उन्होंने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है।