नई दिल्ली | पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जारी 48 घंटे के युद्ध विराम के बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत को लेकर विवादित बयान दिया है। 8 अक्टूबर से शुरू हुए संघर्ष के दौरान आसिफ ने एक पाकिस्तानी समाचार चैनल को इंटरव्यू देते हुए कहा कि सीमा पर भारत “गंदा खेल” खेल सकता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पाकिस्तान हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
साक्षात्कार में जब उनसे पूछा गया कि क्या टू-फ्रंट वॉर की स्थिति में प्रधानमंत्री के साथ कोई रणनीति तैयार की गई है, तो आसिफ ने कहा कि हां, रणनीति तैयार है, लेकिन इसकी सार्वजनिक जानकारी नहीं दी जा सकती।
इससे पहले भी पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने भारत पर कई आरोप लगाए हैं। हाल ही में उन्होंने भारत पर अफगानिस्तान में प्रॉक्सी वॉर चलाने का आरोप लगाया था और कहा था कि पाकिस्तान को शक है कि सीजफायर सफल नहीं होगा।
भारत का रुख स्पष्ट
गुरुवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बयान जारी कर कहा कि इस संघर्ष को लेकर भारत का रुख साफ है। उन्होंने तीन मुख्य बिंदु रखे:
- पाकिस्तान आतंकवादी संगठनों को पनाह देता और उन्हें स्पॉन्सर करता है।
- अपनी अंदरूनी नाकामियों के लिए पड़ोसियों को दोष देना पाकिस्तान की पुरानी आदत है।
- अफगानिस्तान अपनी सीमाओं पर संप्रभुता का प्रयोग कर रहा है, और भारत इसके सॉवरनिटी, टेरिटोरियल इंटीग्रिटी और आजादी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।