नई दिल्ली | पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच 48 घंटे के सीजफायर के बावजूद सीमा पर हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। शुक्रवार रात पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत के अरगुन और बरमल जिलों में एयर स्ट्राइक की, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।
अफगान अधिकारियों और तालिबान का आरोप है कि पाकिस्तान ने डूरंड लाइन के पास हमले को अंजाम दिया और सीजफायर का उल्लंघन किया। टोलो न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार, हमले में कई घर प्रभावित हुए, हालांकि हताहतों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि यह हमला योजनाबद्ध और गंभीर था।
अफगानिस्तान करेगा पाकिस्तान की हरकतों का पर्दाफाश
यह हमला ऐसे समय हुआ जब पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल दोहा पहुँच चुका था, जबकि अफगानी प्रतिनिधिमंडल शनिवार को पहुँचने वाला था। माना जा रहा है कि अफगानिस्तान, दोहा में बैठक के दौरान अन्य देशों के सामने पाकिस्तान की करतूतें उजागर करेगा। अफगानी टीम ने हमले की रिपोर्ट भी तैयार करना शुरू कर दी है।
पाकिस्तान ने किया पलटवार
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तरी वज़ीरिस्तान में एक सैन्य शिविर पर आत्मघाती हमला हुआ, जिसमें सात पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और 13 घायल हुए। हालांकि, पाकिस्तानी अधिकारियों ने अफगानिस्तान पर एयर स्ट्राइक की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
डूरंड लाइन पर सात दिन से जारी संघर्ष
इस सीमा विवाद की जड़ “डूरंड लाइन” है, जिसे ब्रिटिश काल में भारत और अफगानिस्तान के बीच खींचा गया था। इस रेखा ने पठान क्षेत्र को दो हिस्सों में बांट दिया, जिसे आज तक दोनों पक्ष स्वीकार नहीं कर पाए हैं। इसी विवाद के कारण पिछले सात दिनों से दोनों देशों के बीच झड़पें जारी हैं और अब यह तनाव सैन्य टकराव में बदलने की आशंका पैदा कर रहा है।