रेवाड़ी | जैसलमेर नेशनल हाइवे पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें संतुलन खोने के कारण थार गाड़ी डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जा रही ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में गाड़ी में सवार चालक और एक अन्य युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान के चिडावा के गांव सेई निवासी 40 वर्षीय सरजीत और चेतन थार गाड़ी से रेवाड़ी की ओर जा रहे थे। काठूवास टोल प्लाजा पार करने के बाद गाड़ी का संतुलन बिगड़ा और वह डिवाइडर कूदकर ट्रक से भिड़ गई। दुर्घटना के दौरान गाड़ी ने डिवाइडर पर खड़े पोल को भी तोड़ दिया।
हादसे में गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, और दोनों युवक उसमें फंस गए। आसपास के लोगों ने उन्हें बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है और उसकी तलाश की जा रही है।