चंडीगढ़ | हरियाणा की भाजपा सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। सुरजेवाला ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और हरियाणा “अपराधियों का सुरक्षित ठिकाना” बन गया है।
सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि बीते एक साल में हरियाणा हत्या, फिरौती, लूट, रंगदारी, गैंगवार और माफिया नेटवर्क की घटनाओं से दहशत में रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में राजनीतिक अराजकता और अपराधियों की खुली सक्रियता ने कानून-व्यवस्था का “अपहरण” कर लिया है।
उन्होंने आगे कहा कि “सरकार और संगठित अपराध के गठजोड़” की वजह से हालात इतने बिगड़ गए हैं कि शराब ठेकों की बोली तक अपराधियों ने नहीं होने दी, जबकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार मूकदर्शक बनी रही।
सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि हरियाणा में विकास की रफ्तार ठप हो चुकी है। “दिनदहाड़े फायरिंग, फिरौती कॉल और धमकियों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होना अब आम हो गया है”, जो कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
“सरकार के पास बताने को एक भी उपलब्धि नहीं” : दीपेंद्र हुड्डा
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी हरियाणा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सैनी सरकार के एक साल पूरे होने पर सोनीपत में होने वाली प्रधानमंत्री की रैली रद्द होना इस बात का संकेत है कि सरकार के पास उपलब्धि गिनाने को कुछ नहीं है।
उन्होंने कहा कि बीते 11 साल में हरियाणा में विकास का कोई बड़ा प्रोजेक्ट नहीं आया और न ही नई औद्योगिक या रोजगार नीति लागू की गई। “सरकार ने रैली रद्द कर खुद साबित कर दिया कि उसके पास जनता को बताने लायक कुछ भी नहीं है,” दीपेंद्र ने कहा।