गुरदासपुर | पंजाब के गुरदासपुर जिले में दिवाली के त्यौहार पर एक भयानक हादसा हुआ। बीती रात डेरा बाबा नानक के पास धर्माबाद गांव में गंधक और पोटाश की पिसाई के दौरान जोरदार धमाका हुआ, जिसमें 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में दो महिलाएं भी शामिल हैं।
घायलों में परिवार के कई सदस्य शामिल हैं, जिनमें दो भाई, एक बेटी और दो दामाद शामिल हैं। हादसे में दो लोगों के हाथ और चेहरे गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाका इतना शक्तिशाली था कि आस-पास के घरों की खिड़कियां तक टूट गईं। गंभीर रूप से घायल लोगों को तुरंत अमृतसर के सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। डेरा बाबा नानक पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जारी है।