पानीपत। जाटल रोड पर सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार ऑटो ने सड़क किनारे चल रहे राहगीर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। सूचना मिलते ही पुराना औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ऑटो चालक को काबू में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ने ऑटो से नियंत्रण खो दिया था, जिसके चलते एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। गुस्साए स्थानीय लोगों ने चालक की पिटाई भी की, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप किया। घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा को लेकर रोष है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जाटल रोड पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।