करनाल। दीपावली की रात बसंत विहार कॉलोनी में उस समय दहशत फैल गई जब हथियारों से लैस बदमाशों के एक गिरोह ने देर रात एक घर पर धावा बोल दिया। बताया जा रहा है कि करीब 10 से 12 हमलावरों ने पहले पत्थरबाजी की, फिर खिड़कियों और दरवाजों के शीशे तोड़कर घर में घुस गए। बदमाशों ने लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से घर में जमकर तोड़फोड़ की और परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। गनीमत रही कि घर में मौजूद डेढ़ साल का बच्चा सुरक्षित बच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर गली नंबर-1 से होते हुए गली नंबर-5 तक पहुंच गए और कई घरों में शीशे तोड़ डाले। इस दौरान घर के मालिक आकाश और उसके परिवार के साथ मारपीट की गई। वारदात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सब-इंस्पेक्टर जगमोहन ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पीड़िता सावित्री ने बताया कि कुछ युवक पहले किसी झगड़े में शामिल थे और उसी के बाद उन्होंने उनके घर पर हमला कर दिया। हमले के दौरान घर में रखी बाइक और घरेलू सामान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पड़ोसी परमबीर ने बताया कि जब वह रात में घर लौटा, तो बदमाश पहले से बाहर मौजूद थे और उन्होंने अचानक हमला कर दिया।
इस घटना ने पूरे इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर क्षेत्र में गश्त बढ़ाए।