पंचकूला। हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने सरकारी स्कूल में स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही पर नाराज़गी जताई। शुक्रवार को वे सेक्टर-20 स्थित बलिदानी मेजर अनुज राजपूत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के उपरांत निरीक्षण के दौरान जब राज्यपाल विद्यालय की इमारत की छत पर पहुंचे तो वहां की स्थिति देखकर वे भड़क उठे।
राज्यपाल ने देखा कि छत पर बने पानी निकासी के पाइपों पर लगी जालियां मिट्टी और सूखे पत्तों से पूरी तरह जाम थीं। इसके तुरंत बाद उन्होंने मौके पर ही सफाई कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण जारी रखते हुए जब उन्होंने छत से नीचे लगे पानी के टैंक की ओर देखा, तो उसका ढक्कन गायब मिला। इस पर उन्होंने सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई।
राज्यपाल ने जब इस बारे में विद्यालय की प्राचार्या नीलू कटियाल से पूछा तो उन्होंने बताया कि इस टैंक का पानी शौचालयों के लिए उपयोग किया जाता है। इस पर आपत्ति जताते हुए राज्यपाल ने कहा कि बिना ढक्कन की टंकी में गंदगी, कीड़े या बीमारियां फैलाने वाले तत्व आसानी से घुस सकते हैं। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि छात्र इस पानी का हाथ-मुंह धोने या कुल्ला करने में भी इस्तेमाल कर सकते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है।
राज्यपाल ने तुरंत टंकी पर ढक्कन लगाने और परिसर की स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने साफ कहा कि छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।