Mandi, 26 October
मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र में पिछले महीने आई भारी बारिश के कारण कई पुल बह गए हैं। बाखली खड्ड और कुकलाह पुल भी इनमें शामिल हैं। इसके चलते स्थानीय लोग अब जान जोखिम में डालकर ही वाहन और पैदल मार्गों से पार हो पा रहे हैं।
एक वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पानी के तेज बहाव में बहती गाड़ी को स्थानीय लोग धक्का देकर खड्ड से निकालने में जुटे हैं। यह घटना बाढ़ के बाद हुई परेशानियों का स्पष्ट उदाहरण है, जब स्थानीय निवासियों को पिछले तीन महीनों से इस तरह के जोखिम उठाने पड़ रहे हैं।
कुकलाह पंचायत प्रधान नोखराम ने बताया कि यह पुल स्थानीय लोगों के लिए जीवनरेखा था और इसके बह जाने से क्षेत्र की करीब 16 पंचायतों का पंडोह बाजार से संपर्क टूट गया है। लोग अब केवल क्षतिग्रस्त पैदल पुल और रोपवे का सहारा ले पा रहे हैं।
लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता विनोद शर्मा ने बताया कि बाखली पैदल पुल के पास अब वाहन योग्य पुल बनाने का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है। मंजूरी मिलने पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, पैदल पुल की मरम्मत बीबीएमबी द्वारा की जाएगी।स्थानीय निवासियों ने सरकार से पुल और सड़क को जल्द से जल्द बहाल करने की मांग की है।