गुजरात | गुजरात से ऑस्ट्रेलिया जाने के लिए निकले चार लोगों के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इनमें एक महिला सहित तीन पुरुष शामिल हैं, जिन्हें ईरान की राजधानी तेहरान में अज्ञात गिरोह ने बंधक बना लिया है। अपहरणकर्ताओं ने पीड़ितों के परिजनों और कथित ट्रैवल एजेंट को भयावह टॉर्चर वीडियो भेजकर करोड़ों रुपये की फिरौती की मांग की है।
मामले का खुलासा सामने आने के बाद मानसा के बापुपुरा गांव के सरपंच प्रकाशभाई चौधरी ने सरकारी मदद की अपील की है। वहीं, स्थानीय बीजेपी विधायक जयंती पटेल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर विदेश मंत्रालय के स्तर पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। विशेष बात यह है कि मानसा इलाका अमित शाह का ही गृह क्षेत्र है।
बैंकॉक–दुबई के रास्ते तेहरान पहुंचे थे चारों
सूत्रों के अनुसार, चारों लोग दिल्ली से एमिरेट्स की फ्लाइट के जरिए पहले बैंकॉक पहुंचे थे। वहां से उन्हें दुबई और फिर तेहरान भेजा गया। ईरान पहुंचने के बाद चारों को एक टैक्सी में बैठाकर किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया, जहां उन्हें बंधक बना लिया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए टॉर्चर वीडियो
सामने आए वीडियो में दो युवकों को नग्न कर लोहे की छड़ों और डंडों से पीटते हुए देखा जा सकता है। आरोप है कि ये वीडियो परिवारों और उन एजेंटों को भेजे गए हैं, जिन्होंने उन्हें ऑस्ट्रेलिया भेजने का वादा किया था। वीडियो देखकर परिजनों में दहशत का माहौल है।
परिजनों ने लगाई मदद की गुहार
घटना के बाद पीड़ितों के घरों में मातम का माहौल है। परिवारजन विदेश मंत्रालय और गुजरात सरकार से अपील कर रहे हैं कि तत्काल कदम उठाकर बंधकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाए। बताया जा रहा है कि अपहरणकर्ता लगातार फिरौती का दबाव बना रहे हैं।
विदेश मंत्रालय की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। मामला अंतरराष्ट्रीय अपहरण और मानव तस्करी से जुड़े गिरोह की सक्रियता को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर रहा है।