अमृतसर। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर एक और बड़ी तस्करी कोशिश नाकाम करते हुए 2 मिनी पाकिस्तान निर्मित ड्रोन और 12 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त की है। यह कार्रवाई सीमावर्ती गांव धनौएं कलां और रोड़ा वाला खुर्द इलाके में की गई।
सूत्रों के अनुसार, हेरोइन का पैकेट पाकिस्तान की ओर से आए एक हाई-पावर्ड ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में गिराया गया था, लेकिन तस्करों तक पहुंचने से पहले ही BSF ने इसे पकड़ लिया।
बॉर्डर पर बढ़ी ड्रोन हलचल
BSF अधिकारियों ने बताया कि पिछले एक हफ्ते से सीमा क्षेत्र में लगातार ड्रोन गतिविधि बढ़ी हुई है। रोजाना 2 से 3 ड्रोन पाकिस्तान की तरफ से भारतीय सीमा में दाखिल होने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, सुरक्षा बल लगातार इन ड्रोन को गिरा रहे हैं, लेकिन इन्हें नियंत्रित करने वाले तस्कर अभी भी एजेंसियों की पकड़ से दूर हैं। BSF ने क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और तस्करों के नेटवर्क की पहचान के लिए जांच जारी है।