चरखी दादरी। पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कांग्रेस की सद्भाव यात्रा को लेकर उठे सवालों पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके बेटे और पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने यह यात्रा राहुल गांधी से विचार-विमर्श के बाद शुरू की है। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह यात्रा कांग्रेस पार्टी की पहल है और अगले सात महीनों में हर कांग्रेस नेता इस अभियान से जुड़ जाएगा। उन्होंने दावा किया कि जनता के विश्वास के बल पर कांग्रेस एक बार फिर हरियाणा में सरकार बनाएगी।
बीरेंद्र सिंह चरखी दादरी पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सद्भाव यात्रा की रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सभी एकजुट होकर यात्रा को सफल बनाएं।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता अब बदलाव चाहती है। भाजपा सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है, जबकि कांग्रेस की सद्भाव यात्रा प्रदेश में एकता और भाईचारे का नया संदेश देगी।
पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस समाज को धर्म और जाति के नाम पर बांटने का काम कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस की यह यात्रा उस विभाजन की राजनीति को खत्म करेगी। उन्होंने बताया कि बृजेंद्र सिंह की यात्रा को पार्टी नेताओं और सामाजिक संगठनों का पूरा सहयोग मिल रहा है।
बीरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है, और कांग्रेस की यह यात्रा प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में जाकर सरकार की नाकामियों को उजागर करेगी।