शिमला। लौह पुरुष और देश की एकता के प्रतीक भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पूरे देशभर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश के शिमला में भाजपा प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन ने दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में एकता, अखंडता और राष्ट्रभावना को सशक्त करना रहा।
सुबह करीब 8:50 बजे CTO चौक शिमला में सरदार पटेल के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद संजय टंडन ने ‘रन फॉर यूनिटी’ को रवाना किया और स्वयं भी इस दौड़ में शामिल हुए।
संजय टंडन ने कहा कि भाजपा कई वर्षों से लौह पुरुष पटेल की जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम आयोजित करती आ रही है। इस वर्ष उनकी 150वीं जयंती पर यह आयोजन पूरे देशभर में 26 नवंबर तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने 565 रियासतों को एक सूत्र में बांधकर आधुनिक भारत की नींव रखी और उनका जीवन सभी के लिए प्रेरणादायक है।
इसी दौरान संजय टंडन ने स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर भी उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि उन्होंने देश को नेतृत्व दिया और वह सम्माननीय हैं। टंडन ने कहा, “हम कांग्रेस की तरह अपमानजनक शब्दावली का प्रयोग नहीं करते, इंदिरा गांधी को हम भी श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं।”
बिहार चुनाव को लेकर उन्होंने विश्वास जताया कि वहां NDA की सरकार बनेगी और UPA बुरी तरह पराजित होगी। उन्होंने कहा कि यह अनुमान नहीं बल्कि भाजपा कार्यकर्ताओं के समर्पण और जनता के विश्वास पर आधारित भरोसा है।