ताइपे | ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार सुबह चीन की बढ़ती सैन्य गतिविधियों को लेकर गंभीर चिंता जताई है। मंत्रालय के अनुसार, सुबह 6 बजे (स्थानीय समय) तक चीन के आठ नौसैनिक जहाज और पांच लड़ाकू विमान ताइवान के आसपास सक्रिय पाए गए। इनमें से तीन विमानों ने ताइवान की पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी वायु रक्षा पहचान क्षेत्र (ADIZ) में प्रवेश करते हुए मध्य रेखा को पार किया।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि ताइवान की सेना स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए है और आवश्यक प्रतिरोधात्मक कदम उठाए गए हैं। इससे पहले शुक्रवार को भी ताइवान ने चीन के पांच विमानों और छह युद्धपोतों की गतिविधि दर्ज की थी। लगातार बढ़ रही इन घुसपैठों को ताइवान अपनी संप्रभुता और सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती के रूप में देख रहा है।
चीन की आक्रामक रणनीतियों और भ्रामक प्रचार अभियानों को रोकने के लिए ताइवान अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा प्रणाली में बड़े सुधार लागू कर रहा है। कार्यकारी युआन के सचिव-जनरल जेवियर चांग ने बताया कि ये कदम राष्ट्रपति विलियम लाई की 17-सूत्रीय राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति के तहत उठाए जा रहे हैं। इस रणनीति का लक्ष्य चीन के साइबर हमलों, गलत सूचनाओं और ताइवान की संप्रभुता को कमजोर करने के प्रयासों को विफल करना है।
सरकार ने इसके तहत 120 प्रमुख कार्यों की रूपरेखा तय की है, जिनमें 21 कानूनों में संशोधन या नए कानून शामिल हैं। इनमें साइबर सुरक्षा प्रबंधन अधिनियम, औद्योगिक नवाचार कानून और आर्थिक व सामाजिक मजबूती के विशेष अधिनियम जैसे प्रमुख प्रावधान शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि ये सभी कदम ताइवान की आर्थिक स्थिरता, सुरक्षा और रक्षा क्षमताओं को और मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।