अमृतसर | अमृतसर में एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाले दंपति के बीच हुए झगड़े ने दर्दनाक रूप ले लिया। थाना राजासांसी पुलिस ने पत्नी की हत्या के आरोप में उसके पति नंद किशोर बंजारे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
मामले की जानकारी देते हुए टिक्का राम बंजारे ने बताया कि वह और उसका परिवार दीपक दुग्गल के ईंट भट्ठे पर काम करते हैं, जहां आरोपी नंद किशोर और उसकी पत्नी ज्योति बाई बंजारे भी काम करते थे।
टिक्का राम के अनुसार, काम खत्म करने के बाद सभी मजदूर अपनी झोपड़ियों में लौट गए। रात करीब 7:30 बजे नंद किशोर और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर कस्सी (फावड़ा) से पत्नी के सिर और छाती पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से ज्योति बाई मौके पर ही गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना राजासांसी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।