नई दिल्ली | कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को दहला दिया। रिचमंड सर्किल के पास एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में स्कूटर सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 10 बजे एक एंबुलेंस तेज रफ्तार में पीछे से आ रही थी। अचानक उसने सामने जा रही कई मोटरसाइकिलों और स्कूटरों को टक्कर मार दी। एंबुलेंस एक मोटरसाइकिल को अपने साथ काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई और फिर ट्रैफिक पुलिस बूथ से टकराकर पलट गई।
हादसे में मृत दंपती की पहचान 40 वर्षीय इस्माइल और उनकी पत्नी सामीन बानो के रूप में हुई है। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोग उन्हें पास के अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें एंबुलेंस को बेकाबू होकर कई वाहनों से टकराते हुए देखा जा सकता है। एंबुलेंस के पलटने के बाद लोगों ने नीचे फंसी गाड़ियों को बाहर निकालने की कोशिश की।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में एंबुलेंस के ब्रेक फेल होने या चालक की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।