Una, Rakesh
हिमाचल प्रदेश के ऊना ज़िले में एक शराब कारोबारी को अज्ञात कॉलर द्वारा ₹5 करोड़ की फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कॉल करने वाले ने खुद को कुख्यात अपराधी लॉरेंस बिश्नोई का भाई “हैरी बॉक्सर” बताया और कारोबारी को जान से मारने की धमकी दी।
व्हाट्सएप कॉल से मांगी गई फिरौती
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, राजीव कुमार राणा, पुत्र राजेंद्र कुमार राणा (एम/एस राणा वाइन्स, ऊना) को बुधवार को एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल प्राप्त हुई। कॉलर ने अपना परिचय “हैरी बॉक्सर” के रूप में देते हुए कहा कि वह लॉरेंस बिश्नोई का भाई है और उसे तुरंत ₹5 करोड़ देने होंगे, वरना परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।राजीव राणा ने पुलिस को बताया कि जब उन्होंने इतनी बड़ी रकम देने से असमर्थता जताई, तो कॉलर ने कहा कि उसे उनके पूरे परिवार की जानकारी है और शाम तक पैसे न देने पर “अंजाम भुगतने” की चेतावनी दी।
कारोबारी ने मांगी सुरक्षा
धमकी के बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस और जिला प्रशासन को सूचना दी। उन्होंने डिप्टी कमिश्नर जतिन लाल से भी संपर्क कर सुरक्षा की मांग की। परिवार इस धमकी के बाद गहरे डर के माहौल में है।
पुलिस जांच में जुटी, साइबर टीम कर रही तकनीकी पड़ताल
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमकी किसी असली गैंगस्टर द्वारा दी गई या किसी ने फर्जी पहचान बनाकर ब्लैकमेल करने की कोशिश की।साइबर सेल कॉल के स्रोत, नंबर की लोकेशन और व्हाट्सएप प्रोफाइल की जांच कर रही है।पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है, और पीड़ित की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।