Chintpurni, Vikas
चिंतपूर्णी के नजदीक स्थित शीतला गांव पिछले तीन महीनों से गंभीर जल संकट का सामना कर रहा है। गांव के पांच से छह घरों में पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप है, जिससे स्थानीय लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत दर्ज करवाने के बावजूद जल शक्ति विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। कुछ घरों में रात के समय थोड़ी देर के लिए पानी छोड़ा जाता है, जबकि अन्य परिवार एक बूंद पानी के लिए भी तरस रहे हैं।गांव की महिलाओं ने बताया कि बुजुर्गों और बीमार लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि विभागीय कार्यालय में कई बार जाने और फोन करने के बावजूद ना तो समस्या का समाधान हुआ, ना ही अधिकारियों ने उनकी बात सुनी।ग्रामीण महिलाओं ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द जलापूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे सड़क पर उतरकर चक्का जाम आंदोलन करने को मजबूर होंगी।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए डाडासीबा जल शक्ति विभाग के एसडीओ राकेश ने कहा कि अब यह मामला विभाग के संज्ञान में आ गया है और जल्द ही प्रभावित घरों में पानी की आपूर्ति बहाल की जाएगी।
अब देखना यह होगा कि विभाग अपने वादे पर कब अमल करता है, क्योंकि तीन महीने से सूखे नलों के बीच जी रहे परिवार अब प्रशासनिक कार्रवाई की प्रतीक्षा में हैं।