फिलीपींस | फिलीपींस में ‘कालमेगी’ तूफान की तबाही ने भारी जनहानि और विनाश मचा दिया है। राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने गुरुवार को देश के मध्य प्रांतों में आपातकाल (State of Calamity) घोषित किया है। इस भीषण तूफान से अब तक 241 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 127 लोग अभी भी लापता हैं। अधिकांश मौतें अचानक आई बाढ़ में डूबने से हुईं। सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र सेबू प्रांत बताया जा रहा है।
बुधवार को द्वीपसमूह से टकराने के बाद यह उष्णकटिबंधीय चक्रवात अब दक्षिण चीन सागर की ओर बढ़ गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 20 लाख लोग इस आपदा से प्रभावित हुए हैं, जबकि 5.6 लाख ग्रामीणों को अपने घर छोड़ने पड़े। इनमें से लगभग 4.5 लाख लोगों को आपातकालीन शिविरों में शरण लेनी पड़ी है।
आपदा की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रपति मार्कोस ने राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा बैठक की। आपातकाल घोषित करने से सरकार को राहत कोष की त्वरित रिहाई, आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी रोकने और खाद्यान्न आपूर्ति सुचारू रखने में मदद मिलेगी।