होशियारपुर। पंजाब के होशियारपुर शहर में शुक्रवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब नारायण नगर इलाके में कार सवार हमलावरों ने शिवसेना हिंदुस्तानी के उपाध्यक्ष राजिंदर राणा पर तेजधार हथियारों और गोलियों से हमला कर दिया। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सूत्रों के अनुसार, यह हमला पुरानी रंजिश का नतीजा बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले अदालत में झड़प हुई थी, जिसके बाद शाम को नारायण नगर में विवाद बढ़ गया और एक पक्ष ने राजिंदर राणा की कार को निशाना बना लिया।
हमले के दौरान गोलियां चलाई गईं, जिसमें एक युवक घायल हुआ। भागने की कोशिश में राणा की कार तेज़ रफ्तार से सूरज नगर की ओर भागी, लेकिन रास्ते में ईंट की दीवार से टकराने के बाद बैंक कॉलोनी निवासी 70 वर्षीय जीवन लता को टक्कर मार दी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हमलावरों की सफारी कार भी घटनास्थल से फरार हो गई। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।