Shimla, Sanju
राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट की गूंज हिमाचल प्रदेश तक सुनाई दी है। राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने इस घटना की टाइमिंग पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश में हर बार चुनाव के वक्त ही इस तरह की घटनाएं क्यों सामने आती हैं। नेगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं पर भी टिप्पणी की और कहा कि देश की सबसे बड़ी विडम्बना यह है कि जब देश संकट में होता है, तब प्रधानमंत्री विदेश में होते हैं।
नेगी ने कहा कि देश के किसी भी हिस्से में धमाका जैसी घटना होने के बाद सुरक्षा एजेंसियों द्वारा सामान्य अलर्ट जारी किया जाता है और उसी के अनुसार कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि “यह भी गौर करने की बात है कि पुलवामा और पहलगाम की घटनाओं के वक्त भी देश चुनावी माहौल में था, और अब बिहार में मतदान से ठीक पहले दिल्ली में धमाका हुआ है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर ऐसी घटनाओं का समय हमेशा चुनावी क्यों होता है।”
“प्रधानमंत्री देश में नहीं, विदेश में होते हैं”
कैबिनेट मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, “देश की सबसे बड़ी विडम्बना यही है कि जब भी कोई संकट या आपदा आती है, तब प्रधानमंत्री देश में नहीं होते। ऐसे वक्त में देश को नेतृत्व की आवश्यकता होती है, लेकिन प्रधानमंत्री विदेश दौरों में व्यस्त रहते हैं।”
नेगी ने कहा कि इस समय लोगों को सरकार से संवेदनशील प्रतिक्रिया की उम्मीद है, केवल बयानों की नहीं। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार वास्तव में राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर गंभीर है, तो उसे इस तरह की घटनाओं की पारदर्शी जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।
जयराम ठाकुर पर पलटवार
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा मंडी जिले में आपदा राहत कार्यक्रम पर दिए गए बयान को लेकर जगत सिंह नेगी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर “बहुत विचलित हैं और उनका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है।” नेगी ने कहा कि “आपदा प्रभावितों को राहत के तौर पर चैक भी दिए गए हैं और राशि सीधे खातों में ट्रांसफर की गई है, लेकिन फिर भी भाजपा इसे झूठ बता रही है।”
उन्होंने दावा किया कि स्थानीय प्रशासन ने जयराम ठाकुर और क्षेत्रीय विधायकों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया था, मगर ठाकुर उसमें शामिल नहीं हुए। “अगर उन्हें कोई आपत्ति थी तो वे मुख्यमंत्री के सामने मंच पर अपनी बात रख सकते थे,” नेगी ने कहा।
“झूठ बोलने के ओलम्पिक में मोदी कैप्टन, जयराम सदस्य”
केंद्र और भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए नेगी ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी और जयराम ठाकुर झूठ बोलने के ओलम्पिक में हिस्सा लें तो पदक जरूर जीतेंगे।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री 11 वर्षों से पद पर हैं, लेकिन अब तक प्रधानमंत्री आवास सहायता राशि को 1.30 लाख रुपये से अधिक नहीं बढ़ा सके, जबकि आर्थिक संकट के बावजूद हिमाचल सरकार ने पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए 7 लाख रुपये की सहायता राशि तय की है।
नेगी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने 1,500 करोड़ रुपये की मदद की घोषणा की थी, लेकिन अब तक कोई राशि प्रदेश को नहीं मिली। “मुख्यमंत्री ने दिल्ली जाकर केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से सहयोग में देरी की जा रही है,” उन्होंने कहा।
“भाजपा प्रदेश को पीड़ा में रखना चाहती है”
नेगी ने कहा कि भाजपा की राजनीति देशहित में नहीं है। “वे प्रदेश को संकट में रखना चाहते हैं। जब धनबल से सरकार नहीं गिरा सके तो अब प्राकृतिक आपदा को राजनीतिक हथियार बना रहे हैं,” उन्होंने आरोप लगाया।
झनियार अग्निकांड पर दुख व्यक्त किया
इस दौरान कुल्लू की तीर्थन घाटी के झनियार गांव में हुए अग्निकांड पर मंत्री ने गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क निर्माण और राहत कार्य कठिन होते हैं, लेकिन सरकार लगातार इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार की दिशा में काम कर रही है। “कई बार भौगोलिक परिस्थितियों के कारण छोटी आग भी बड़े रूप ले लेती है, सरकार ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सतत प्रयास कर रही है,”।