लुधियाना | महानगर के बहादुर के रोड स्थित थोक सब्जी मंडी में मंगलवार दोपहर अचानक लगी आग ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। आग लगने के कुछ ही देर बाद कई जोरदार धमाकों से इलाका दहल उठा। बताया जा रहा है कि यह आग फ्रूट मंडी में खुले में रखे प्लास्टिक क्रेट्स में किसी व्यक्ति द्वारा सुलगती बीड़ी फेंकने के कारण लगी।
आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि आसमान में उठते काले जहरीले धुएं ने पूरे इलाके को ढक लिया। लोगों में दहशत का माहौल बन गया। आग की चपेट में आए हजारों प्लास्टिक क्रेट्स, एक टाटा 407 गाड़ी और आसपास की झुग्गियां जलकर राख हो गईं। इस दौरान झुग्गियों में रखे गैस सिलेंडर फटने से हुए धमाकों ने भयावह दृश्य पैदा कर दिया।
आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान कुलप्रीत सिंह रूबल ने बताया कि हादसे में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगभग कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुट गया है, जबकि प्रशासन ने इलाके को फिलहाल सुरक्षा कारणों से सील कर दिया है।