भिवानी | हरियाणा के भिवानी जिले के लोहारू क्षेत्र के गांव ढाणी लक्ष्मण में मंगलवार को मनीषा मौत मामले को लेकर हुई पंचायत में बड़ा फैसला लिया गया। ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 30 नवंबर को मुख्य चौक पर सांकेतिक धरना दिया जाएगा। इस दौरान कई ग्रामीण भूख हड़ताल पर भी बैठेंगे, ताकि मनीषा को न्याय दिलाने की मांग सरकार तक पहुंच सके।
पिता ने की भावुक अपील, बोले—बेटी के लिए चाहिए इंसाफ
पंचायत में मनीषा के पिता संजय ने हाथ जोड़कर ग्रामीणों से बेटी को न्याय दिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सीबीआई जांच शुरू होने के बावजूद अब तक परिवार को कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। पिता ने मांग की कि जांच में तेजी लाई जाए और सच्चाई सबके सामने लाई जाए।
किसान नेताओं ने सरकार से की जांच तेज करने की मांग
पंचायत में पहुंचे किसान नेता सुरेश कौथ ने कहा कि हरियाणा सरकार को सीबीआई को पत्र लिखकर जांच में तेजी लानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर 30 नवंबर तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। उन्होंने एक दिन के सांकेतिक धरने का सुझाव देते हुए चेतावनी दी कि “अब मनीषा को न्याय मिलने तक गांव शांत नहीं बैठेगा।”
ग्रामीणों में आक्रोश, सीबीआई से सच्चाई सामने लाने की मांग
पंचायत में बड़ी संख्या में आसपास के गांवों के लोग भी पहुंचे। सभी ने एक स्वर में कहा कि मनीषा की मौत की गुत्थी सुलझाने में लापरवाही नहीं बर्दाश्त की जाएगी। ग्रामीणों ने सीबीआई से अपील की कि जल्द से जल्द जांच पूरी कर मनीषा मौत का सच सामने लाया जाए।