चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 17 नवंबर को प्रस्तावित फरीदाबाद दौरे की तैयारियों की समीक्षा की। अमित शाह इस दौरान सूरजकुंड में आयोजित उत्तरी क्षेत्रीय परिषद की 32वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान के साथ-साथ केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के मुख्यमंत्री, उपराज्यपाल और मुख्य सचिव शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री सैनी ने अधिकारियों को सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, गृह सचिव सुमिता मिश्रा और सीआईडी प्रमुख सौरभ सिंह भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने फरीदाबाद में हाल ही में बरामद विस्फोटक सामग्री के मामले की जानकारी डीजीपी ओपी सिंह से ली। उन्होंने राज्यभर में सुरक्षा और सतर्कता बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। डीजीपी ने अधिकारियों को बताया कि संदिग्ध गतिविधियों पर पूरी तरह कड़ी निगरानी रखी जा रही है और राज्य में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष टीमें सक्रिय हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं में कोई कमी न रह जाए, इसके लिए उच्च स्तरीय सतर्कता बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि जनता के दैनिक जीवन में व्यवधान न्यूनतम हो और सुरक्षा में कोई कमी न आए।
यह बैठक न केवल अमित शाह के दौरे की तैयारी, बल्कि पूरे राज्य में सुरक्षा और प्रशासनिक तत्परता सुनिश्चित करने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।