गुरुग्राम | देश के महत्वाकांक्षी नमो भारत ट्रेन प्रोजेक्ट को लेकर काम तेज हो गया है। दिल्ली-गुरुग्राम-नीमराना-बहरोड़ कॉरिडोर पर ट्रैक बिछाने की प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। इसके लिए वित्तीय कंसल्टेंट एजेंसी के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और एजेंसी का नाम 17 नवंबर के बाद तय किया जाएगा।
पहले चरण में 106 किलोमीटर लंबा ट्रैक बिछाया जाएगा, जिसे केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी पहले ही मिल चुकी है। इस ट्रैक के तहत 16 स्टेशन बनाए जाएंगे। लगभग 71 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड होगा, जबकि 35 किलोमीटर मार्ग भूमिगत बनाया जाएगा।
नमो भारत ट्रेन नई दिल्ली स्थित एरोसिटी स्टेशन से होकर गुजरेगी, जो इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, मेट्रो और सड़क नेटवर्क से जुड़ा होगा। इस पूरे प्रोजेक्ट को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) द्वारा कार्यान्वित किया जा रहा है।
पहले चरण के पूरा होने के बाद इस कॉरिडोर को अलवर तक विस्तारित किया जाएगा। यह परियोजना न केवल दिल्ली और हरियाणा बल्कि राजस्थान के नीमराना-बहरोड़ क्षेत्र के लिए भी परिवहन और औद्योगिक विकास का नया अध्याय खोलेगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस प्रोजेक्ट को लेकर लगातार सक्रिय हैं। उन्होंने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर परियोजना की प्रगति पर चर्चा की और जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू करने की प्रतिबद्धता जताई।